चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान महाराष्ट्र पासिंग महिंद्रा XUV-500 कार से परिवहन किए जा रहे 515 किलो 290 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन एवं पुलिस उप अधीक्षक निम्बाहेड़ा शिव प्रकाश के सुपरविजन में सदर निम्बाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा मय जाप्ते ने डीएसटी की सूचना पर नाकाबंदी की।
125 पैकेट में मिला गांजा-
पुलिस के अनुसार, मंडा चौराहा से छोटी सादड़ी जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक महाराष्ट्र पासिंग महिंद्रा XUV-500 कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में 125 पैकेटों में कुल 515 किलो 290 ग्राम (5 क्विंटल 15 किलो 290 ग्राम) गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया।
कार में सवार शिवलाल पुत्र गैरू गाडरी (22), निवासी चटावटी, थाना राशमी, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया गया। वहीं कार चालक रात के समय अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ ही मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी है।
करीब एक करोड़ रुपये कीमत का गांजा जब्त-
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए 515 किलो 290 ग्राम गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। इस वर्ष जिले में गांजे के खिलाफ की गई यह बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
नाकाबंदी देखकर कार चालक ने भागने का प्रयास किया
पुलिस के मुताबिक, सदर निम्बाहेड़ा थाना क्षेत्र में नीमच-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर लगातार नाकाबंदी की जा रही है। इसी दौरान कार सवार तस्करों ने नाकाबंदी देखकर वाहन को भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर कार को रुकवाया और एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी-
- शिवलाल पुत्र गैरू गाडरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी चटावटी, थाना राशमी, जिला चित्तौड़गढ़।
जब्त माल-
- 515 किलो 290 ग्राम अवैध गांजा
- महिंद्रा XUV-500 कार
- गांजा 125 पैकेटों में बरामद
- कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस टीम में थानाधिकारी संजय शर्मा, एएसआई सुंदरपाल, राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल जीवनलाल, श्यामलाल एवं दयाराम तथा हेड कांस्टेबल महावीर सिंह शामिल रहे।
डीएसटी टीम में हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार तथा कांस्टेबल रतनसिंह, अमित कुमार, मनोज कुमार, बलराम मीणा, प्रीतम, बलराम गुर्जर, अजय कुमार एवं शीशराम शामिल रहे।
पुलिस ने मामले में नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार कार चालक की तलाश के साथ गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।