प्रतापगढ़। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अजब खान की करीब 2 करोड़ 82 लाख 80 हजार रुपए मूल्य की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार अजब खान लंबे समय से डोडाचूरा, अफीम, ब्राउन शुगर और एमडी सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा रहा है। आरोप है कि उसने अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियां रिश्तेदारों और परिचितों के नाम पर खरीदी थीं।
जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग के मार्गदर्शन में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई। अरनोद थाना पुलिस ने संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार की अधिकृत कम्पीटेंट अथॉरिटी एवं एडमिनिस्ट्रेटर, SAFEMA एवं NDPS Act, नई दिल्ली को भेजा था। सुनवाई के बाद 28 अगस्त 2026 को संबंधित प्राधिकरण ने फ्रीजिंग आदेश को मंजूरी प्रदान की।
2020 में 796 किलो डोडाचूरा बरामदगी में आया था नाम-
पुलिस के अनुसार 16 जून 2020 को थाना लोहावट, जिला फलोदी पुलिस ने एक ट्रक से 796 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर चालक सुनील उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार किया था। अनुसंधान के दौरान पुलिस के सामने डोडाचूरा अजब खान के माध्यम से भरवाए जाने की जानकारी आई। उसकी गिरफ्तारी पर फलोदी पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। अरनोद थाना पुलिस ने 28 मार्च 2026 को अजब खान को गिरफ्तार कर फलोदी पुलिस को सौंपा था। वर्तमान में वह न्यायिक हिरासत में जैसलमेर जेल में निरुद्ध बताया गया है।
चार बीघा जमीन पर फार्म हाउस और आलीशान मकान-
पुलिस जांच के अनुसार पिछले करीब छह वर्षों में अजब खान ने कथित अवैध कमाई से कई चल-अचल संपत्तियां अर्जित कीं। नौगांवा पटवार हल्का क्षेत्र के देवगढ़ी गांव में करीब चार बीघा जमीन पर फार्म हाउस, गैराज और भैंसों का फार्म हाउस बनाया गया। इसके अलावा अन्य जमीन पर मकान, मुर्गी फार्म, बोट फार्म और टीन शेड का निर्माण कराया गया। इन संपत्तियों का अनुमानित वर्तमान बाजार मूल्य करीब 2.50 करोड़ रुपए बताया गया है।
पुलिस के अनुसार संपत्तियां सीधे अजब खान के नाम कराने के बजाय भाई के बेटे, साले, बहनोई के दोस्त और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर दर्ज कराई गईं। इनमें थार जीप, मारुति स्विफ्ट कार, टीवीएस मोटरसाइकिल, महिंद्रा ट्रैक्टर सहित अन्य वाहन शामिल हैं।
रिश्तेदारों के नाम संपत्ति खरीदने का आरोप-
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई से बचने के लिए अजब खान ने कथित तौर पर अपनी संपत्तियां स्वयं अथवा पत्नी, माता-पिता और बच्चों के नाम पर दर्ज कराने के बजाय दूर के रिश्तेदारों एवं परिचितों के नाम पर खरीदीं। जांच में इन संपत्तियों के उपयोग और उपभोग को अजब खान एवं उसके परिवार से जुड़ा पाया गया। इसके बाद चिन्हित संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।
14 आपराधिक मामले दर्ज-
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अजब खान अरनोद थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश में हत्या के प्रयास, मारपीट, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, एससी-एसटी एक्ट, जुआ एक्ट और राजकार्य में बाधा सहित कुल 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के कई मामले भी शामिल हैं।
पुलिस ने फ्रीज की गई संपत्तियों पर बोर्ड लगाए हैं और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सूचना दी है। पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी से कथित रूप से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।