चित्तौड़गढ़। बेगूं थाना पुलिस एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 311 किलो 950 ग्राम अफीम डोडाचूरा से भरी क्रेटा कार जब्त की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान स्टॉप स्टिक की मदद से संदिग्ध कार को रोक लिया। हालांकि, कार सवार चालक एवं उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह एवं वृत्ताधिकारी बेगूं अंकित कुड़ी के सुपरविजन में 29 अगस्त की रात बेगूं थाना पुलिस एवं डीएसटी की टीम द्वारा एनएच-27 पर सरहद सुरतपुरा में नाकाबंदी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध क्रेटा कार को रुकने का इशारा किया। चालक ने कार रोकने के बजाय उसे भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने स्टॉप स्टिक लगाकर कार को रोक लिया। इसके बाद कार में सवार चालक एवं उसका साथी वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो उसमें 311 किलो 950 ग्राम अफीम डोडाचूरा भरा हुआ मिला। पुलिस ने डोडाचूरा एवं क्रेटा कार को जब्त कर लिया। इस संबंध में बेगूं थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश एवं मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जांच कर रही है।
पुलिस टीम-
बेगूं थाना पुलिस- थानाधिकारी चम्पाराम, हेड कांस्टेबल भगवान लाल, कांस्टेबल रमेश, कमलेश, मनोहर एवं रतन सिंह।
डीएसटी टीम- एएसआई अजयपाल, रणवीर सिंह, कांस्टेबल बहादुर सिंह, छोटू सिंह, नारायण एवं महेश।