नीमच। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को अहीर यादव समाज बघाना की ओर से भव्य वाहन रैली निकाली गई। अहीर मोहल्ले से शुरू हुई रैली में डीजे पर गूंजते कृष्ण भजनों के बीच युवा और समाजजन उत्साह से झूमते नजर आए। वाहनों का लंबा काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा।
रैली के दौरान ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। रैली स्टेशन रोड, घंटाघर, फव्वारा चौक, कमल चौक, भारतमाता चौराहा, लायंस पार्क और सीआरपीएफ रोड से होकर गुजरी। इस दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
रैली का समापन स्टेशन के समीप स्थित कालका माता मंदिर पर हुआ। रैली के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।