प्रतापगढ़। नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 33 महावीर कॉलोनी मेन रोड स्थित नाले में पानी निकासी की समस्या को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता गजेन्द्र चंडालिया ने जमादार संजय तेजस्वी के साथ मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान टूटे हुए नाले एवं पानी निकासी की समस्या के संबंध में नगर परिषद के कनिष्ठ सहायक अभियंता को अवगत कराया गया।
कनिष्ठ सहायक अभियंता के निर्देश पर ठेकेदार ने मौके पर पहुंचकर टूटे हुए नाले तथा नाले के ऊपर हटे हुए ढक्कन को पुनः लगाने के लिए तखमीना तैयार किया। चंडालिया ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि वार्ड में टूटी हुई नालियों एवं क्रॉस नालियों का शीघ्र निर्माण करवाकर पानी निकासी की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
वार्डवासी जगदीशचंद्र पंडिया एवं गौरव मेहता ने नगर परिषद वार्ड क्रमांक 33 के चुनाव परिणाम आने से पहले ही वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए चंडालिया द्वारा तत्परता से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।