नीमच। गणेशोत्सव के उल्लास के बीच शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। रविवार को एसपी राजेश व्यास ने शहर के विभिन्न गणेश पंडालों का भ्रमण कर तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन समितियों के पदाधिकारियों से चर्चा कर पंडालों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने आयोजकों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात के समय वॉलंटियर्स की मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने की समझाइश दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पंडाल पर अलग अधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अलावा पुलिस की मोबाइल टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण करती रहेंगी। रात की गश्त के साथ सुबह भी पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।
बाजार में भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था का लिया जायजा-
गणेशोत्सव के दौरान गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी के लिए बाजारों में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एसपी ने बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने खुद खरीदी गणेश प्रतिमा-
सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद एसपी राजेश व्यास ने स्वयं भी गणेशोत्सव के लिए गणेश प्रतिमा खरीदी। इससे जहां पुलिस प्रशासन की तैयारियों का संदेश गया, वहीं गणेशोत्सव के उत्साह में पुलिस प्रशासन की सहभागिता भी नजर आई।
एसपी ने शहरवासियों को गणेशोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दस दिवसीय पर्व शांति, सौहार्द, सुरक्षा और उल्लास के साथ मनाया जाए। पुलिस प्रशासन का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालु बेफिक्र होकर उत्सव में शामिल हों और पूरे शहर में गणेशोत्सव का माहौल खुशियों से भरा रहे।