मंदसौर। मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अपर कलेक्टर एकता जायसवाल एवं जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने भी आवेदकों की समस्याओं पर सुनवाई की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कुल 93 आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम देवरी निवासी गिरधारी ने राजस्व नक्शे में सीसी रोड दर्ज कराने के संबंध में आवेदन दिया। इस पर एसडीएम सीतामऊ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बापबच्चा निवासी शंकरलाल ने नक्शे में बंटांकन कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर तहसीलदार सीतामऊ को जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कांटिया निवासी दीपक ने संबल योजना का लाभ दिलाने तथा शेरगढ़ निवासी जीवन ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में सीसी रोड निर्माण, बीमा राशि का भुगतान, आवासीय भूमि का पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, मुआवजा राशि, आर्थिक सहायता एवं भूमि स्वामी अधिकार पत्र सहित विभिन्न मांगों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों का नियमानुसार और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।