मंदसौर। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में सेवा संकल्प अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने मंगलवार को कलेक्टर सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में अभियान के प्रमुख 13 घटकों के क्रियान्वयन की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर अभियान के सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाए। उन्होंने आशीर्वाद का दीप प्रज्वलन एवं शिवना नदी की सफाई से संबंधित कार्रवाई के लिए एसडीएम मंदसौर को निर्देश दिए। पशुपतिनाथ मंदिर परिसर सहित अन्य स्थानों पर वृहद दीप प्रज्वलन की तैयारियों की जानकारी भी ली गई।
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर स्कूल एवं कॉलेजों में चित्रकला, रचनात्मक गतिविधियां एवं प्रदर्शनी आयोजित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी तथा पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के प्राचार्य को निर्देशित किया गया। जिले के चिन्हित आइकॉनिक स्थानों पर दीप प्रज्वलन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने बताया कि जिले में दीप प्रज्वलन के लिए नगर पालिकाओं, नगर परिषदों एवं ग्राम पंचायतों को निर्धारित संख्या में दीपक उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका वितरण जारी है।
शासन द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के अनुरूप जिले के विकासखंडों में समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए। सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगर पालिका अधिकारियों को अपने स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने के लिए भी निर्देशित किया गया। आंगनबाड़ियों में रंगोली निर्माण के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के साथ ही इसके बाद प्रत्येक दिवस होने वाली गतिविधियों की तैयारियों की भी समीक्षा की और सभी कार्यक्रमों को निर्धारित रूपरेखा के अनुसार आयोजित करने के निर्देश दिए।