नीमच। बरूखेड़ा रोड स्थित परशुराम गृह निर्माण समिति कॉलोनी के मुख्य गेट को लेकर चल रहे विवाद में वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओम शर्मा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना नीमच सिटी थाना क्षेत्र में बिजली कार्यालय के समीप की बताई जा रही है। ओम शर्मा को मारपीट में चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया है।
बताया जा रहा है कि कॉलोनी के मुख्य गेट के निर्माण और जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। संबंधित जमीन का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने की बात भी सामने आई है। समिति से जुड़े पंडित राधेश्याम उपाध्याय के अनुसार आनंद चतुर्दशी के दिन कॉलोनी के मुख्य गेट के निर्माण के लिए भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू किया गया था। उनका आरोप है कि इसके बाद रात में गड्ढा भर दिया गया और मुख्य गेट के आसपास पिलर खड़े कर दिए गए।
उपाध्याय के अनुसार, इसी मामले को लेकर समिति के लोग मौके पर चर्चा करने पहुंचे थे। इसी दौरान देवीलाल दवे, राधेश्याम दवे सहित अन्य लोगों के साथ विवाद हुआ और ओम शर्मा के साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर करीब 10-15 लोग मौजूद थे और दो लोगों ने ओम शर्मा के साथ मारपीट की, जबकि पत्थर लगने की बात भी सामने आई है।
हाईकोर्ट में विचाराधीन है जमीन का मामला-
समिति से जुड़े लोगों का कहना है कि कॉलोनी के मुख्य गेट और संबंधित भूखंड को लेकर पक्षों के बीच विवाद पहले से चल रहा है। इस संबंध में हाईकोर्ट में प्रकरण विचाराधीन होने की बात कही गई है। समिति पक्ष के अनुसार पूर्व में दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बातचीत और लिखापढ़ी भी हुई थी।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। घायल ओम शर्मा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर रेफर किया गया।
दो आरोपी राउंडअप, जांच जारी-
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए देवीलाल दवे और अनिकेत दवे को राउंडअप किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मारपीट की वास्तविक वजह, घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका तथा जमीन और मुख्य गेट से जुड़े विवाद की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।