नीमच। गिरदौड़ा के पास ट्रेलर चालक को रोककर मारपीट, गला दबाने, लूट और वाहन में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। मामले में चित्तौड़गढ़ निवासी 19 वर्षीय सूरज पिता शंभूलाल नायक ने 2 अक्टूबर को नीमच सिटी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात सूरज ट्रेलर लेकर जेतपुरा फंटे से मनासा की ओर जा रहा था। इसी दौरान थार वाहन से आए कुछ लोगों ने ट्रेलर को रुकवाया और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित ने शिकायत में आरोप लगाया कि करीब छह लोगों ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया। सूरज ने एक आरोपी की पहचान मनासा निवासी प्रहलाद गुर्जर के रूप में बताई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने चालक से 1 लाख रुपए नकद, सोने के आभूषण और मोबाइल छीन लिया। इसके अलावा ट्रेलर के शीशे भी तोड़ दिए गए।
घटना के बाद पीड़ित ने नीमच सिटी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से लूटा गया सामान बरामद कराने के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।