इंदौर। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) और सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.116 किलो एम्फेटामाइन जब्त किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कर्नाटक नंबर की काली महिंद्रा थार में एम्फेटामाइन छिपाकर ले जा रहे थे।
अधिकारियों को सूचना मिली थी कि तीन लोग थार वाहन से साइकोट्रॉपिक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने 30 सितंबर की सुबह उज्जैन-देवास टोल प्लाजा, बांगर पर निगरानी शुरू की। संदिग्ध वाहन दिखाई देने पर अधिकारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड तोड़कर तेज रफ्तार से भाग निकला।
इसके बाद DRI और CBN की टीम ने वाहन का करीब डेढ़ घंटे तक पीछा किया। आखिरकार इंदौर के बिचौली मर्दाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास वाहन को रोक लिया गया। इसके बाद वाहन और उसमें सवार तीनों लोगों को विस्तृत तलाशी के लिए DRI कार्यालय लाया गया।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को वाहन की पिछली तरफ लगी स्टेपनी के अंदर कुछ छिपाए जाने का संदेह हुआ। स्टेपनी खोलने पर उसमें 21 पैकेट मिले, जिनमें सफेद-पीले रंग का क्रिस्टलनुमा पदार्थ था। NDPS फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पदार्थ एम्फेटामाइन पाया गया।
DRI ने कुल 7.116 किलो एम्फेटामाइन और तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा थार जब्त कर ली। तीनों आरोपियों को NDPS एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और एजेंसियां एम्फेटामाइन की सप्लाई तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।