बड़ीसादड़ी। 9 माह की बच्ची के अपहरण के मामले में वांछित आरोपी को बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी थाने के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल था। आरोपी को कर्नाटक के पंच मंगरूर से पानी-पतासी के थैले पर काम करते हुए गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को पीड़िता ने बड़ीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपनी 9 माह की बच्ची के साथ मायके उमरड़ा, जिला प्रतापगढ़ जाने के लिए बड़ीसादड़ी आई थी। तबीयत खराब होने पर उसने नगर पालिका के पास स्थित एक क्लिनिक में बोतल चढ़वाई। इस दौरान बच्ची उसके पास खेल रही थी। इसी बीच एक महिला वहां आई और बच्ची को खिलाने लगी। बोतल खत्म होने के बाद महिला और बच्ची दोनों वहां नहीं मिले। पीड़िता का मोबाइल भी गायब था।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 190/2026 में धारा 303(2) एवं 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गजेंद्र सिंह एवं पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश्चंद्र सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी भगवानलाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई लक्ष्मीलाल सहित पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी की तलाश जलोदा जागीर, छोटी सादड़ी और प्रतापगढ़ क्षेत्र में की। इसके बाद आरोपी नारायण पुत्र गौतम मीणा, निवासी खाखरिया खेड़ी, थाना बड़ीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ को कर्नाटक के पंच मंगरूर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पूर्व में आरोपी महिला ललीता पत्नी सुरेश मीणा, निवासी चेनपुरिया, हाल ढीकड़िया खेड़ी को गिरफ्तार किया जा चुका है। उसे अनुसंधान के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम: एएसआई लक्ष्मीलाल, कांस्टेबल दिनेशकुमार (नंबर 1700), कांस्टेबल प्रेमाराम (नंबर 1050) एवं कांस्टेबल अजीत (नंबर 608)।