नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्यप्रदेश इकाई ने 30 सितंबर को कंजार्डा-मनासा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए बाइक सवार एक व्यक्ति को 4.240 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया। टीम ने तस्करी में इस्तेमाल हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार सीबीएन मंदसौर की पीएंडआई सेल को सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल के जरिए अफीम की खेप मनासा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने कंजार्डा-मनासा मार्ग पर निगरानी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक से दो पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 4.240 किलो अफीम मिली।
सीबीएन ने अफीम एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। मामले में आगे की जांच जारी है। जांच एजेंसी अफीम के स्रोत, इसकी डिलीवरी और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।