चित्तौड़गढ़। बेगूं थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान दो कारों से 3 किलो 590 ग्राम अफीम दूध एवं 86 किलो 80 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस ने मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त ग्रांड आई-10 स्पोर्ट्स एवं स्विफ्ट कार को जब्त किया है। दोनों वाहनों के चालक पुलिस को देखकर कारें छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय जयपुर एवं महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में कार्रवाई की गई।
एएसपी रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत के मार्गदर्शन, डीएसपी बेगूं अंकित कुड़ी के सुपरविजन तथा थानाधिकारी चंपाराम के निर्देश पर पुलिस टीम ने शुक्रवार को चंदाखेड़ी-जोगणियामाता रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
पुलिस को देखकर तेज गति से भागे वाहन-
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध वाहनों को आते देखा। पुलिस को देखकर ग्रांड आई-10 स्पोर्ट्स और स्विफ्ट कार के चालक वाहनों को तेज गति से भगाने लगे। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों का पीछा किया। कुछ दूरी पर दोनों चालक कारों को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस टीम ने दोनों वाहनों की तलाशी ली तो उनमें कुल 86 किलो 80 ग्राम डोडाचूरा और 3 किलो 590 ग्राम अफीम दूध मिला। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
आरोपियों की तलाश और जांच जारी-
फरार चालकों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। मामले में पुलिस थाना बेगूं पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों के स्रोत, गंतव्य और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। जिला पुलिस की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
कार्रवाई करने वाली टीमरू उप निरीक्षक सीताराम, कांस्टेबल सुरेंद्र, रमेश, विजय, कमलेश, प्रवीण एवं राजेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम की कार्रवाई में अहम भूमिका रही।