चित्तौड़गढ़। डीएसटी और सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी सद्दाम हुसैन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल मय मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार सद्दाम के खिलाफ चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, अजमेर और उदयपुर जिलों में लूट एवं चोरी के कुल 19 प्रकरण दर्ज हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजस्थान के निर्देशानुसार चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत हार्डकोर अपराधियों, सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों, नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी शिव प्रकाश टेलर के सुपरविजन तथा सदर निंबाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में डीएसटी एवं थाना पुलिस की टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर को डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि चित्तौड़गढ़ में 25 हजार रुपए का इनामी आरोपी सद्दाम हुसैन अपने साथी के साथ निंबाहेड़ा की ओर से आने वाला है। दोनों के पास अवैध हथियार होने की भी सूचना मिली। सूचना पर बिनोता चौकी प्रभारी एएसआई भूपेंद्र सिंह को अवगत कराया गया। इसके बाद डीएसटी और सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस की टीम ने बिनोता चौकी के सामने नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने सद्दाम हुसैन पिता इस्माइल, उम्र 32 वर्ष, निवासी पीतलवड़ी, थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़ तथा रज्जाक मोहम्मद पिता मुंशी मोहम्मद, उम्र 38 वर्ष, निवासी पीतलवड़ी, थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़ को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल मय मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर हथियार की खरीद-फरोख्त के संबंध में अनुसंधान शुरू किया है।
19 मामलों में वांछित है सद्दाम-
पुलिस के अनुसार आरोपी सद्दाम हुसैन के खिलाफ चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, अजमेर और उदयपुर में कुल 19 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें 17 मामले लूट और दो चोरी के बताए गए हैं। वहीं, आरोपी रज्जाक मोहम्मद के खिलाफ चोरी के चार प्रकरण दर्ज होना बताया गया है।
बैंक में ग्राहक बनकर करता था रेकी-
पुलिस के अनुसार सद्दाम बैंक में ग्राहक बनकर पैसे निकालने वाले लोगों की रेकी करता था। इसके बाद बैंक से बाहर निकलने पर उनके साथ लूट कर फरार हो जाता था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और अवैध हथियार के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
डीएसटी टीम में एएसआई सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतन सिंह, जगदीश, देवेंद्र, रामकेश एवं अमित कुमार शामिल रहे। वहीं सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस टीम में थानाधिकारी संजय शर्मा, एएसआई भूपेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल दिनेश, नाहर सिंह, दयाराम एवं विजय शामिल रहे।