चित्तौड़गढ़। जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना बालेसर, जिला जोधपुर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी उदयलाल धाकड़ को मंडावली स्थित उसके घर से डिटेन किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गुजरात की ओर फरारी काट रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वांछित अपराधियों की तलाश एवं धरपकड़ के लिए पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज के निर्देशन में ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के निर्देशन में डीएसटी टीम का गठन किया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बालेसर थाने के एनडीपीएस मामले में 5 हजार रुपये का इनामी आरोपी उदयलाल पिता मोहनलाल धाकड़, निवासी मंडावली, जो गुजरात की ओर फरारी काट रहा था, किसी काम से अपने घर आया हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद डीएसटी टीम मंडावली पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम उदयलाल पिता मोहनलाल धाकड़, निवासी मंडावली, थाना सदर नीमचौड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ बताया। पुलिस रिकॉर्ड से उसके बालेसर थाने के एनडीपीएस एक्ट के मामले में 5 हजार रुपये का इनामी वांछित आरोपी होने की पुष्टि होने पर उसे नियमानुसार डिटेन किया गया। इसके बाद बालेसर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी बार-बार अपना मोबाइल फोन और सिम कार्ड बदलकर पुलिस को चकमा देने का प्रयास कर रहा था। बालेसर थाना पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
डीएसटी टीम में शामिलरू एएसआई एवं टीम प्रभारी सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतन सिंह, अमित, जगदीश, देवेंद्र एवं रामकेश शामिल रहे।