नीमच। रतनगढ़ थाना क्षेत्र की बधावा पंचायत के ग्राम देवपुरा में शनिवार को एक 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक जंगल में बकरियां चराने गया था, जहां देर शाम वह तालाब के किनारे बेसुध अवस्था में मिला। परिजन उसे तत्काल रतनगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अजय उर्फ हजारीलाल (50) पुत्र पेमा बंजारा, निवासी ग्राम देवपुरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अजय शनिवार सुबह बकरियां चराने के लिए जंगल गया था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान शनिवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच वह जंगल में एक तालाब के किनारे बेसुध अवस्था में मिला।
इसके बाद उसके भाई सत्यनारायण बंजारा ने ग्रामीणों की मदद से अजय को रात करीब 9रू15 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रतनगढ़ पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को रात में ही स्वास्थ्य केंद्र के पीएम कक्ष में सुरक्षित रखवाया गया।
जहरीले जीव के काटने की आशंका, लेकिन नहीं मिले निशान-
घटना के बाद प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही थी कि संभवतरू किसी जहरीले सांप या अन्य जीव के काटने से अजय की मौत हुई होगी। हालांकि चिकित्सकों के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी जहरीले जीव के काटने या दांत के निशान नहीं पाए गए। चिकित्सकों की प्रारंभिक आशंका में हृदयाघात की संभावना भी जताई गई है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की-
रविवार सुबह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रतनगढ़ में डॉ. प्रांकुर यादव एवं उनकी चिकित्सकीय टीम, जिसमें पवन भंडारी, तारेश ग्वाला सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे, ने शव का पोस्टमार्टम किया।
रतनगढ़ थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।