चित्तौड़गढ़। जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) और पारसोली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दबिश के दौरान पुलिस टीम पर पथराव करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और रतनगढ़ क्षेत्र में चोरी-नकबजनी की 9 वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में रात्रि के समय मकानों में होने वाली चोरी की वारदातों की रोकथाम और खुलासे के लिए डीएसटी को निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और बेगूं वृताधिकारी अंकित कुड़ी के निकट सुपरविजन में पारसोली थानाधिकारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त टीम गठित की गई।
दबिश के दौरान पुलिस टीम पर किया पथराव-
पुलिस के अनुसार, टीम ने मंडावरी और मेघनिवास सहित आसपास के गांवों में संदिग्ध एवं पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी।
3 अक्टूबर को सूचना मिली कि विभिन्न जिलों में वांछित इनामी आरोपी दिलीप कंजर अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात की तैयारी में है। इस पर टीम ने काटूंदा मोड़ के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो दिलीप कंजर सहित उसके अन्य साथी मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम पर कथित रूप से पथराव कर खेतों की ओर भाग गए।
पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन रात का समय होने के कारण आरोपी खेतों में भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने लगातार तलाश करते हुए गिरोह के एक सदस्य को पकड़ लिया। मामले में चार अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है।
पूछताछ में 9 वारदातों का खुलासा-
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विरु उर्फ वीरमल पिता गोपीलाल कंजर निवासी मंडावरी, थाना बेगूं ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की 9 वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। उसकी निशानदेही पर दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार सामने आई वारदातों में साड़ास थाना क्षेत्र के एक गांव में मकान की खिड़की निकालकर सोने-चांदी के जेवर चोरी, हमीरगढ़ के पास मकान से जेवर चोरी, बेगूं के गुणता गांव में जेवर चोरी, राजगढ़ में खिड़की तोड़कर चोरी, बड़लियास क्षेत्र के किशनपुरा से सोने-चांदी के आभूषण चोरी, भीलवाड़ा के पास एक गांव से नकदी चोरी, बिजौलियां थाना क्षेत्र से सुपर स्प्लेंडर बाइक चोरी, बड़लियास थाना क्षेत्र से सीडी डीलक्स बाइक चोरी तथा रतनगढ़ के पास जाट रोड स्थित मकान से सोने-चांदी के जेवर चोरी की वारदात शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।
कार्रवाई में यह पुलिसकर्मी रहे शामिल-
पारसोली थाना टीम में थानाधिकारी आशुतोष सिंह, एएसआई भवानी सिंह, रामदयाल और कांस्टेबल रघुवीर शामिल रहे। जिला स्पेशल टीम में प्रभारी कांस्टेबल रामावतार के साथ कांस्टेबल दुर्गेश, ललित सिंह, बालकिशन, जोगेंद्र, हरीश, हेमराज, मुकेश, पदम कुमार, मनीष, साहिल और राकेश शामिल रहे।