चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना शंभूपुरा ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 किलो 120 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैगों में भरा पिसा हुआ डोडाचूरा जब्त किया। मामले में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गजेंद्र सिंह जोधा के निर्देशन तथा वृताधिकारी भदेसर विनोद कुमार आरपीएस के निकटतम पर्यवेक्षण में शंभूपुरा थानाधिकारी धर्मराज मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस टीम गुरुवार को निम्बाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिस ने दो युवकों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैगों से कुल 25 किलो 120 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी-
- अश्विनी विश्नोई पुत्र जगदीश विश्नोई, उम्र 38 वर्ष, निवासी गिलवाला, थाना टिब्बी, जिला हनुमानगढ़।
- हरदीप बरार पुत्र नाथा सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी बसीर, थाना टिब्बी, जिला हनुमानगढ़।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम-
थानाधिकारी धर्मराज मीना, एएसआई महावीर, कांस्टेबल सतवीर कानी, रामकिशन, रतन एवं महेंद्र नैन शामिल रहे।