नीमच। निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को नीमच में ‘काला दिवस’ मनाते हुए प्रदर्शन किया। काले झंडे और कांग्रेस के झंडे लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” और “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ हुई कथित कार्रवाई और दुर्व्यवहार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मामला बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद ज्ञापन सौंपने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच कुछ देर के लिए नोकझोंक की स्थिति बनी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ज्ञापन लेने में भी उन्हें परेशान किया जा रहा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “एक कचोरी दो, समोसाकृमोदी तेरा क्या भरोसा” सहित अन्य नारे लगाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले कई दिनों से निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची को लेकर पार्टी द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की जा रही है। नेताओं ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ हुई कथित कार्रवाई के विरोध में प्रदेश सहित देशभर में ‘काला दिवस’ मनाया जा रहा है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। एडीएम बीएस क्लेश ने कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन प्राप्त किया। ज्ञापन में निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता बनाए रखने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।