रामपुरा। नगर में प्रस्तावित रामपुरा-शामगढ़ फोरलेन सड़क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी मुद्दे पर शनिवार को कांग्रेस के पूर्व उद्योग मंत्री नरेंद्र नाहटा ने रामपुरा में प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने फोरलेन के रूट में रामपुरा और पठार क्षेत्र के हितों का ध्यान रखने, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों को गति देने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने एसआईआर और ईवीएम के कथित दुरुपयोग को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
नरेंद्र नाहटा ने कहा कि रामपुरा-शामगढ़ को जोड़ने के लिए फोरलेन सड़क की मंजूरी मिलना प्रसन्नता की बात है। हालांकि, सड़क निर्माण के दौरान रामपुरा क्षेत्र और पठार के लोगों के हितों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस बात पर भी ध्यान देना चाहिए कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर कैसे उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विकास कार्यों से जुड़ी पुरानी फाइलों को आगे बढ़ाने के संबंध में वे उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से भी मिल चुके हैं। मनासा विधानसभा क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान नाहटा ने एसआईआर को लेकर भाजपा सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने मतदाता सूची से कथित तौर पर करोड़ों लोगों के नाम काटे जाने के मुद्दे को गंभीर बताते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लंबे समय तक सत्ता में रहने के दौरान भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों को प्रदर्शन करने से नहीं रोका गया। उन्होंने विद्यार्थियों को पुलिस द्वारा पकड़े जाने के मामले पर भी सवाल उठाए।
नाहटा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ईवीएम का विरोध नहीं करती, बल्कि ईवीएम के दुरुपयोग का विरोध करती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आज ईमानदारी की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।
प्रेस वार्ता में उन्होंने विकास कार्यों, सड़क के रूट, स्थानीय रोजगार और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।