गरोठ/मंदसौर। जिले के नावली गांव में जमीन विवाद को लेकर पिता और पुत्र पर धारदार हथियारों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में मुनव्वर मंसूरी और उनके बेटे अलबाज के सिर में कुल 21 टांके आए। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
खेत में घुसकर हमला करने का आरोप-
पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना 14 अक्टूबर को दोपहर करीब 12.30 बजे की है। मुनव्वर और अलबाज खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान सलीम मंसूरी, उसका बेटा सोहेल और पत्नी रुकसाना ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंचे। आरोप है कि उनके पास कोयता, लोहे का झपट्टा और अन्य धारदार औजार थे। उन्होंने जमीन पर कब्जा करने की धमकी दी।
विरोध करने पर सलीम ने मुनव्वर के सिर पर कोयते से वार कर दिया, जिससे उन्हें 12 टांके आए। वहीं, सोहेल और रुकसाना पर अलबाज के साथ मारपीट करने का आरोप है। हमले में अलबाज के सिर पर 9 टांके आए।
पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई का आरोप-
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, अलबाज ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस सायरन की आवाज सुनकर आरोपी मौके से भाग गए। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामले में उचित धाराएं नहीं लगाईं और आरोपी अब भी गांव में खुलेआम घूमकर उन्हें धमका रहे हैं।
न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने 19 अक्टूबर को एसडीओपी को आवेदन सौंपा। परिवार ने मामले में उचित कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।