नीमच/जावद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरवानिया महाराज चौकी पुलिस ने 55 किलो अवैध डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मारुति ओमनी कार की सीटों में विशेष स्कीम बनाकर डोडाचूरा की तस्करी कर रहा था। वह थाना मनासा और जावद में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के दो प्रकरणों में लंबे समय से फरार था।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर सरवानिया महाराज चौकी पुलिस ने लासुर-मोरवन रोड पर नागेश्वर मंदिर के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान मारुति ओमनी कार क्रमांक MP 44 BC 1503 को रोककर तलाशी ली गई। कार की सीटों में बनाई गई गुप्त जगह से 55 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने प्रहलाद पिता गब्बा चावड़ा (40), निवासी श्योपुरिया (कुआं वाला), थाना कुकड़ेश्वर, जिला नीमच को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना जावद में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मादक पदार्थ तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई-
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा जावद थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सरवानिया महाराज चौकी और जावद थाना पुलिस की भूमिका सराहनीय रही।