रतलाम। मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने के मामले में पकड़े गए तीन आरोपियों को महाराष्ट्र पुलिस मंगलवार को मुंबई ले गई। पुलिस तीनों को कोटा से लेकर दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे के रास्ते रतलाम से होते हुए झाबुआ की ओर निकली। दोपहर करीब 2ः20 बजे महाराष्ट्र पुलिस के जवान दो निजी इनोवा गाड़ियों में आरोपियों को लेकर रतलाम की सीमा से गुजरे। रास्ते में पुलिस ने कहीं भी गाड़ियां नहीं रोकीं।
इससे पहले मंगलवार सुबह महाराष्ट्र पुलिस कोटा से आरोपियों को लेकर राजस्थान की सीमा तक पहुंची थी। कोटा पुलिस ने मंडाना-गोपालपुरा बॉर्डर तक तीनों को सुरक्षा के बीच एस्कॉर्ट किया। इससे पहले कोटा में महाराष्ट्र पुलिस के काफिले में हथियारबंद जवानों से भरी बस सहित 5 से 7 पुलिस गाड़ियां शामिल थीं। रतलाम से गुजरते समय पुलिस ने सामान्य तरीके से सफर किया, ताकि रास्ते में किसी को इसकी भनक न लगे।
रातभर कोटा के लॉकअप में रहे आरोपी
मुंबई ले जाने से पहले तीनों आरोपियों को कोटा में रातभर लॉकअप में रखा गया। सुरक्षा के लिए थाने में कमांडो और हथियारबंद जवान तैनात किए गए थे। निगरानी के लिए थाने के सभी सीसीटीवी कैमरों को कमांड सेंटर से जोड़ा गया था।
नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी
मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में कोटा पुलिस ने सोमवार को रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को पकड़ा था। तीनों पुणे-जयपुर ट्रेन (12939) के जनरल कोच में अलग-अलग जगह बैठे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ट्रेन से जयपुर पहुंचने के बाद बस से दिल्ली जाने और वहां से नेपाल भागने की फिराक में थे। थे।