निंबाहेड़ा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के निंबाहेड़ा सेवा केंद्र पर भाई दूज का पावन पर्व आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ से राजयोगिनी आशा दीदी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वरीय स्मृति के साथ हुआ।
इस अवसर पर आशा दीदी ने उपस्थित भाई-बहनों को भाई दूज का आध्यात्मिक रहस्य समझाते हुए कहा कि भाई दूज का वास्तविक अर्थ आत्मा का परमात्मा से मिलन है। जब आत्मा अपने वास्तविक स्वरूप में स्थित होकर परमात्मा से जुड़ती है, तभी सच्चे भाईचारे की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि यहां ‘भाई’ का अर्थ शरीर नहीं, बल्कि आत्मा है। हम सभी आत्मा रूप में परमात्मा की संतान हैं। इसलिए एक-दूसरे को आत्मा समझकर व्यवहार करना ही भाई दूज का सच्चा संदेश है।
उन्होंने बताया कि आत्मिक स्थिति में रहने से परमात्मा की शक्ति और प्रेम हमारे प्रत्येक कर्म में सहज रूप से दिखाई देते हैं। इस दौरान सभी भाई-बहनों को आध्यात्मिक तिलक लगाया गया तथा ईश्वरीय प्रसाद और वरदान प्रदान किए गए। कार्यक्रम में भक्ति, शांति और ईश्वर-स्मृति का वातावरण बना रहा।
निंबाहेड़ा सेवा केंद्र प्रभारी बीके शिवली दीदी ने सभी उपस्थित भाई-बहनों का आभार व्यक्त किया। वहीं, अनीता दीदी ने सभी को राजयोग का अभ्यास कराया तथा दीपावली और भाई दूज का आध्यात्मिक महत्व समझाया। कार्यक्रम में पार्षद रेखा नवलखा, रागिनी, अनीता और डॉ. पीयूष सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर बंसीलाल भाई का जन्मदिन भी मनाया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने आत्मिक दृष्टिकोण अपनाकर समाज में सच्चे भाईचारे का प्रसार करने और परमात्मा के साथ अटूट योग-संबंध बनाए रखने का संकल्प लिया।