पिपलियामंडी। नगर में रेलवे पटरी पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान गीताबाई पति स्वर्गीय मांगीलाल पोरवाल, उम्र 85 वर्ष, निवासी पिपलियामंडी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गीताबाई पैदल रेलवे पटरी पार कर रही थीं। इसी दौरान नीमच से मंदसौर की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद स्थानीय रहवासियों और रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलियामंडी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं बुजुर्ग महिला-
बताया जा रहा है कि पिपलियामंडी के न्यू बस स्टैंड से नगर के अंदर आने-जाने वाले पैदल राहगीरों की सुविधा के लिए श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर के समीप एक वैकल्पिक रास्ता बनाया गया है। गीताबाई इसी रास्ते से मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रेलवे पटरी पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।