मनासा। सॉलिडरिडाड संस्था एवं द सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) के सहयोग से संचालित वेजिटेबल ऑयल मिशन एवं सरसों संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम कंजार्डा में किसान प्रशिक्षण एवं जैविक कृषि इनपुट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विस्तार अधिकारी संजय धाकड़ की उपस्थिति में किसानों को मॉडल फार्म के माध्यम से सरसों का उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने की तकनीकी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों से जोड़ना, सरसों की उत्पादकता बढ़ाना, खेती की लागत कम करना और मृदा स्वास्थ्य में सुधार करना रहा। इस दौरान किसानों को मॉडल फार्म के माध्यम से वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों और जैविक इनपुट के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
कृषि विस्तार अधिकारी संजय धाकड़ ने किसानों को सरसों की बेहतर पैदावार के लिए आवश्यक कृषि तकनीकों, संतुलित पोषण प्रबंधन, फसल की देखभाल और वैज्ञानिक खेती की विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को प्रशिक्षण में बताई गई तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर ग्राम कंजार्डा, अमरपुरा, पलासिया, गरवाड़ा एवं चौकड़ी में मॉडल फार्म संचालित करने वाले किसानों को जैविक कृषि इनपुट वितरित किए गए। इन इनपुट के माध्यम से किसान अपने खेतों में विभिन्न कृषि तकनीकों का प्रयोग और प्रदर्शन कर सकेंगे। साथ ही, वे अन्य किसानों को भी बेहतर एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में बताया गया कि मॉडल फार्म के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। इससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, उत्पादन लागत कम करने और सरसों की खेती को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।