ग्वालियर। शहर में चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान छठ व्रतियों ने छठी मैया और भगवान सूर्य की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना की। सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हुआ।
शहर के विभिन्न छठ घाटों और जलाशयों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ सहित अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।
इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से घाटों का वातावरण भक्तिमय बना रहा। पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद व्रतियों ने पारण कर अपना निर्जला व्रत खोला और परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ ग्वालियर में चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हो गया।