उज्जैन। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ विधि-विधान से समापन हुआ। उज्जैन के मिथिला घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने उगते सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सूर्य की पहली किरण के साथ ही मिथिला घाट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा की थालियों और फल-प्रसाद के साथ सूर्य देव की उपासना की। घाट पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
छठ महापर्व के इस विशेष आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद विकसित हुआ मिथिला घाट
इस बार छठ पूजा श्रद्धालुओं के लिए इसलिए भी खास रही, क्योंकि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के बाद मिथिला घाट का विकास कार्य पूरा हो चुका है। विकसित घाट पर बेहतर सुविधाएं मिलने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्य की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
36 घंटे की कठिन तपस्या, उगते सूर्य की आराधना और छठी मैया के जयकारों के बीच उज्जैन का मिथिला घाट श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठ महापर्व हर्षाेल्लास और धार्मिक परंपराओं के साथ संपन्न हुआ।