बड़वाह। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की रौनक बड़वाह के नावघाट खेड़ी स्थित मां नर्मदा के तट पर देखने को मिली। रविवार शाम छठ पर्व के तीसरे दिन बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु नर्मदा तट पर पहुंचे। यहां व्रतियों ने अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की।
शाम करीब 4 बजे से ही व्रतधारियों के घाट पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पुरुष सिर पर पूजा सामग्री से भरी टोकरियां लेकर पहुंचे, जिनमें फल, मूली, गन्ना और पारंपरिक ठेकुआ रखा हुआ था। वहीं महिलाएं हाथों में पूजा और आरती की थालियां लेकर घाट की ओर बढ़ती नजर आईं।
जैसे ही सूर्यास्त का समय हुआ, व्रती महिलाएं और पुरुष नर्मदा नदी के जल में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना करने लगे। सभी ने विधि-विधान से जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। सूर्यदेव के पूरी तरह अस्त होने तक व्रती नदी के जल में खड़े रहे। इसके बाद महिलाओं ने नर्मदा मैया का पूजन किया और दीपदान कर परिवार की खुशहाली की कामना की।
दिनभर रखा निर्जला व्रत, रात में गूंजे छठी मैया के भजन
व्रती महिलाओं ने बताया कि छठ पर्व के तीसरे दिन उन्होंने पूरे दिन निर्जला उपवास रखा। शाम को अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद घरों में छठी मैया के भजन गाए गए। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधि-विधान से समापन होगा।
धार्मिक आयोजन में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और संत
इस अवसर पर गोपाल मंदिर के महंत हनुमानदास जी महाराज, पूर्व विधायक हितेंद्र सिंह सोलंकी, नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति अनिल राय, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंकित गुप्ता और महिम ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
नर्मदा तट पर सूर्य उपासना, छठी मैया के जयकारों और दीपदान के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और आस्था का यह महापर्व संपन्न होगा।