उज्जैन। दीपावली के पावन पर्व पर उज्जैन में गुजराती बलाई समाज की एकजुटता और सामाजिक समरसता की भव्य तस्वीर देखने को मिली। नागदा रोड स्थित ढाबला फंटा धर्मशाला में समाज का दीपावली मिलन समारोह हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बालूसिंह वाणिया के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में मध्यप्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
समारोह में रतलाम, धार, इंदौर, देवास, मंदसौर और झाबुआ सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे समाजजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। अतिथियों और समाज के वरिष्ठजनों का माला एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया।
51 कन्याओं के सामूहिक विवाह का लिया संकल्प
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण राष्ट्रीय अध्यक्ष बालूसिंह वाणिया की घोषणा रही। उन्होंने समाज की 51 कन्याओं के सामूहिक विवाह कराने का संकल्प लिया और इस पुनीत कार्य में समाज के सभी लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और आपसी सहयोग से ही सामाजिक उत्थान के बड़े संकल्प पूरे किए जा सकते हैं। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
राष्ट्रीय संत बालकदास जी को भेंट की नई बोलेरो
समारोह के दौरान समाज के राष्ट्रीय संत श्री बालकदास जी को नई बोलेरो सुप्रीम गाड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री एवं पूर्व विधायक रोडमल राठौड़, पूर्व विधायक नारायण बरमार सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, अधिवक्तागण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ढाबला फंटा धर्मशाला समिति की ओर से भी सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
समाज की एकता और संगठन को मजबूत करने पर जोर
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, आपसी भाईचारा, संगठन और जरूरतमंदों की मदद बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ नई पीढ़ी को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का काम करते हैं।
दीपावली मिलन समारोह में 51 जोड़ों के सामूहिक विवाह का संकल्प और राष्ट्रीय संत को वाहन भेंट करने की पहल ने आयोजन को विशेष बना दिया। पूरे कार्यक्रम में सामाजिक एकता, सेवा और सहयोग का संदेश देखने को मिला।