मंदसौर। सुशासन सप्ताह 19 दिसंबर से मनाया जा रहा है। जो कि 25 दिसंबर तक मनाया जाएगा। इसी के अंतर्गत आज शामगढ़ तहसील के गांव परासली दीवान में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल के माध्यम से प्रशासन गांव तक पहुंचा तथा वहां पर लोगों की समस्याओं को सुना। इस चौपाल में सभी जिला अधिकारी , विकासखंड स्तरीय अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीण जन, पत्रकार मौजूद थे।
चौपाल के दौरान कलेक्टर सिंह ने ग्राम सेवक को निर्देश देते हुए कहा कि गांव में ई कृषक अनुदान योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन करवाएं तथा किसान को उपकरण लेने में इस योजना से लाभ दिलवाए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन को निर्देश देते हुए कहा कि गांव में समूह तैयार करें तथा समूह से स्कूल के बच्चों के गणवेश तैयार करवाएं। इसके साथ ही कलेक्टर ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर अनाज प्राप्त होने, गांव में स्कूल की व्यवस्था, मध्यान भोजन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति, आंगनबाड़ियों में बच्चों की पढ़ाई, बच्चों को पौष्टिक आहार, मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत शासन की योजनाओं का लाभ, आयुष्मान कार्ड, किसानों के लिए खाद की स्थिति आदि के संबंध में भी ग्रामीण जनों से विस्तार से पूछा तथा कहा कि अगर कोई समस्या हो तो तुरंत बताएं। जिस पर आम नागरिकों के द्वारा कहा गया कि गांव में इस संबंध में कोई समस्या नहीं है।
गांव की बालिकाओं के द्वारा कहा गया की हाई स्कूल न होने के कारण शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूरस्थ अन्य गांव में जाना पड़ता है। इसके साथ ही बायपास रोड, गांव में स्टॉप डेम होने की वजह से खेत पर जाने वाले सड़क में समस्या उत्पन्न होने की स्थिति से अवगत कराया।