चित्तौड़गढ़। कोटा रोड़ स्थित गोपाल नगर में शिव मंदिर पर फागोत्सव पर हुए कथा के आयोजन में कथावाचक जगदीश वैष्णव में कहा कि जीत हमेशा सच्चाई की होती है। भक्त प्रहलाद को पिता हिरण्याकश्यप ने बहुत कष्ट दिये लेकिन प्रहलाद की भगवाद सदैव रक्षा करते रहे। हिरण्याकश्यप की बहन होलिका को अग्नि में न जलने के वरदान के बूते प्रहलाद को मारने के लिए होलिका उसे लेकर आग में बैठी लेकिन भगवान विष्णु की कृपा से होलिका जल गई और प्रहलाद बच गया। सबसे पहले इस भारत भूमि पर भक्त प्रहलाद ने ही हरिबोल प्रभात फेरी शुरू की जो आज भी प्रतिदिन चल रही है। भगवान विष्णु के धरती पर चौबीस अवतार हुए जो सभी भारत भूमि पर ही हुए इसलिये यह भूमि पूजनीय है। भगवान कृष्ण ने अवतार के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि बैकुण्ठ पर सब कुछ है लेकिन भारत भूमि पर गैया और मैया है जो वहाँ नहीं है इसलिए इस भूमि पर अवतार लेता हूँ।
महाराज ने कहा कि सत्य की हमेशा जीत होती है। सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं हो सकता। सदा सत्य बोलो, पांडव पांच थे, कौरव सौ, लेकिन सच्चाई की जीत हुई। महाराज ने महिला मण्डल द्वारा आयोजित इस फागोत्सव में रंग मत डारो रे सांवरिया, आज बिरज में होली रे रसिया, प्यारा सांवरिया थारो ठाठ, होली खेले नन्दलाल जैसे भजनों की प्रस्तुति दी जिसका रेशम कंवर, किरण कंवर, ललिता वैष्णव, लाली बाई, प्रेमबाई, अन्नु कुमारी, मंजु बाई, सियानी बाई, स्वाती शर्मा, स्नेहलता, प्रेमबाई, सीया शर्मा सहित कईं भक्तजनों ने आनन्द उठाया। मुख्य अतिथि युद्धवीरसिंह, भूतपूर्व सरपंच मदनदास वैष्णव, भंवरदास वैष्णव आदि उपस्थित रहे।