नीमच। नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप द्वारा नीमच के रेडक्रॉस सोसाइटी स्थित फिजियोथैरेपी सेंटर पर महिला रोग के निदान हेतु परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बतौर अतिथि एसडीएम डॉ. ममता खेड़े उपस्थित रही। स्त्री रोग, निसंतान दंपत्ति एवं प्रसूति संबंधित समस्याओं के निदान के लिए इस शिविर का आयोजन महिला दिवस के उपलक्ष मे किया गया। जिसमें डॉ. मनीषा चमडिया, डॉ. प्रियंका कदम चंदेल, डॉ. प्रियंका जोशी ने महिला मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की एवं स्त्री रोगों से जुड़ी समस्याओं के निदान हेतु निःशुल्क परामर्श दिया। शिविर 11 बजे से प्रारंभ होकर 2 बजे तक चला। शिविर में महिलाओं में माहवारी संबंधित अनियमितताएं, बांझपन, प्रसूति के दौरान आने वाली ब्लड प्रेशर और विभिन्न समस्याएं, रक्त की कमी, बच्चेदानी संबंधित तकलीफें, कैंसर से सुरक्षित रहने की सावधानियां, नसबंदी खोलना व बंद करना, बार-बार गर्भपात की शिकायत, प्रसव पूर्व देखभाल आदि को लेकर जांच कर परामर्श दिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही। ग्रुप के पदाधिकारी विवेक खंडेलवाल ने बताया कि जांच उपरांत महिला रोगियों को निशुल्क दवाई भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर समाजसेवी संतोष चौपड़ा, रमेश कदम, गर्ल्स कॉलेज के प्रिंसिपल एनके डबकरा सहित बड़ी संख्या में ग्रुप से जुड़े हुए महिला और पुरुष मौजूद रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का माला पहना कर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन विवेक खंडेलवाल ने किया।