भवानीमंडी। नगर के कमल सुरेका को भारत विकास परिषद में रीजनल जॉइंट जनरल सेक्रेटरी बनने पर स्थानीय परिषद सदस्यों ने सुरेका आवास पर पहुंचकर फूल, माला और शाल से स्वागत किया।
भारत विकास परिषद शाखा सचिव ओम पोरवाल एवं नेत्रदान प्रभारी कमलेश दलाल ने बताया कि इस वर्ष परिषद के केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा भवानीमंडी शाखा के वरिष्ठ सदस्य कमल सुरेका को रीजनल ज्वाइंट जनरल सेक्रेट्री का दायित्व दिया गया है। यह पहली बार भवानीमंडी के किसी सदस्य को परिषद के रीजन में महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है। इसके लिए परिषद शाखा सदस्यों ने सुरेका आवास पर एक कार्यक्रम आयोजित करके कमल सुरेका को शाल, माला और दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया और बधाईयाँ अर्पित की। इस अवसर पर परिषद संरक्षक धर्मचंद गोटावाला, गोविंद भराड़िया, प्रांतीय संगठन सचिव ओमप्रकाश चतुर्वेदी, नगर समन्वयक जितेंद्र गर्ग, सचिव ओमप्रकाश गुप्ता, राजेश खंडेलवाल, एसआर नवाल, जगदीश पाटीदार, घनश्याम गुप्ता, कमलेश दलाल आदि सदस्य उपस्थित थे।
प्रांतीय संगठन सचिव ओमप्रकाश चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठनात्मक दृष्टि से भारत विकास परिषद को अखिल भारतीय स्तर पर 10 रीजन में विभाजित किया गया है, इन्हीं में से एक उत्तर पश्चिम क्षेत्र में परिषद के 7 प्रांत आते हैं, जिनके अधीन 213 परिषद शाखाएं कार्य कर रही है। वर्ष 2023-24 की रीजनल कार्यकारिणी की घोषणा में इसी नॉर्थ वेस्ट रीजन का भवानीमंडी के कमल सुरेका को रीजनल ज्वाइंट जनरल सेक्रेट्री बनाया गया है। कमल सुरेका को रीजन के राजस्थान साउथ ईस्ट एवं राजस्थान साउथ प्रांत का दायित्व दिया गया है जिसके अधीन परिषद की 75 शाखाएं आती है। इससे पहले कमल सुरेका को इसी रीजन में रीजनल सेक्रेटरी सेवा का दायित्व दिया हुआ था अब यह रीजनल ज्वाइंट जनरल सेक्रेट्री के रूप में प्रमोशन हुआ है। जिस पर परिषद सदस्यों ने हर्ष प्रकट किया है।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रकट करते हुए कमल सुरेका ने कहा कि यह दायित्व भवानीमंडी शाखा का सम्मान है एवं 31 वर्षों से भवानीमंडी शाखा की श्रेष्ठता और कर्मण्यता को समर्पित है। शाखा के लगातार श्रेष्ठ कार्यों को रिकॉग्नाइज करते हुए केंद्र ने यह दायित्व प्रदान करके शाखा को सम्मानित किया है, उन्होंने आश्वस्त किया कि वह सभी सदस्यों के सहयोग से इस दायित्व पर पूर्णरूपेण खरा उतरने का प्रयास करेंगे।