अजमेर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की अजमेर से जयपुर के बीच भ्रष्टाचार के खिलाफ जन संघर्ष पदयात्रा गुरूवार को एआरजी सिटी से एक बजकर 35 मिनिट पर शुरू हुई। इससे पहले जयपुर रोड एआरजी सिटी के समीप कांग्रेस नेता पीसीसी सदस्य महेंद्र सिंह रलावता के फार्म हाउस पर आमसभा हुई, सभा में करीब सात हजार के लोग ही जुट पाये। पायलट करीब सवा 12 बजे अजमेर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, जहां कार द्वारा आरपीएससी होते हुये सभा स्थल पर पहुंचे, जहां पायलट ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि हमारे परिवार पर विपक्ष भी उंगली नही उठा सकता है क्यों कि मेरे माता-पिता से लेकर मेरे पर एक भी फूटी कौडी का आरोप नही है।
पायलट ने कहा कि यह जन संघर्ष पद यात्रा किसी सरकार व पार्टी के खिलाफ नही है, यह यात्रा केवल भ्रष्टाचार के खिलाफ है और नौजवानों का भविष्य बनाने के लिये निकाली जा रही है। पायलट ने कहा कि मई का महिना है तेज गर्मी है मार्ग कठिन है यहां से राजधानी सवा सौ किलोमीटर है, मेरे साथ पैदल चलने वाले हाथ खड़े करें पांडाल से सभी महिला पुरूषों ने पायलट के साथ चलने के लिये हाथ खडे किये।
पायलट ने जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि मैं आप लोगों के बीच आया हूं, इस मिट्टी से यहां के लोगों से मेरा एक ऐसा मजबूत रिश्ता है, जिसे दुनिया की कोई ताकत कमजोर नहीं कर सकती है। पायलट ने कहा, जब दो दिन पहले जयपुर में इस यात्रा का एलान किया तो कई लोगों ने मुझे अलग-अलग राय दी। लोगों ने कहा कि मई-जून का महीना है, भीषण गर्मी है। सवा सौ किलोमीटर का पैदल सफर करना है, इसे टाल दो। तब मैनें उनको जवाब दिया, राजनीति आग का दरिया है, तैर कर पार पाना है। अखबारों में कुछ छपे या न छपे, लेकिन जनता सब कुछ जानती है। आने वाला भविष्य युवाओं का है, हमें ऐसे समाज का निर्माण करना है, जो भ्रष्टाचार मुक्त राष्ट्र का निर्माण करता हो। उन्होंने कहा कि मुझे राजनीति में 20 से 23 साल हो गए। मैं सांसद रहा, केंद्रीय मंत्री रहा, प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री रहा, मेरे पिता केंद्रीय मंत्री रहे। मेरी मां सांसद रहीं, हमारी निष्ठा पर हमारे विरोधी भी सवाल नहीं उठा सकते। मैं अजमेर की जनता से पूछना चाहता हूं, हमारा परिवार लंबे समय से राजनीति में है, बड़े पदों पर रहे। एक फूटी कौड़ी का कोई आरोप नहीं लगा सकता और अब ऐसे नेताओं पर आरोप लगाए जा रहे हैं, हेमाराम ने 100 करोड़ की जमीन शिक्षा के लिए खर्च कर दी, उन पर 10 करोड़ में बिकने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
सचिन पायलट ने कहा कि हम सत्ता में रहते हुए 2013 में 21 सीटों पर आ गए थे, तब पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम सत्ता में आए। मैनें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर कहा कि सरकार बने साढ़े तीन साल हो गए। अब उन आरोपों की जांच होनी चाहिए, जो आपने और हमने साल 2018 के चुनावों में लगाए थे। मैंने डेढ़ साल से चिट्ठियां लिखी कोई कार्रवाई नहीं हुई ओर न ही कोई जवाब आया।
इससे पूर्व यहां पर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष निवर्तमान विजय जैन, कमल बाकोलिया, हेंमत भाटी व पीसीसी सदस्य महेन्द्र सिंह रलावता ने पायलट को तलवार भेंट कर स्वागत किया।