सनावद। ईंटों का परिवहन करने वाले ट्रकों एवं ट्रेक्टर-ट्रॉलियों से पुलिस द्वारा की जा रही अवैध वसूली के विरोध में प्रजापति समाज ने विधायक सचिन बिरला को ज्ञापन सौंपा।
प्रजापति समाज एवं ट्रक तथा ट्रेक्टर-ट्रॉली संचालकों विधायक को एनवीडीए प्रोजेक्ट होस्टल में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि ईंट का परिवहन करने वाले ट्रकों व ट्रेक्टर-ट्रॉलियों को पुलिसकर्मियों द्वारा रोककर अवैध वसूली की जा रही है। इस कारण ईंट निर्माताओं एवं ईंट परिवहन में लगे वाहन संचालकों के व्यवसाय पर अत्यंत विपरीत असर पड़ रहा है। ज् सनावद,धनगांव, देशगांव, छैगांव माखन एवं खंडवा थाना क्षेत्रों में ईंट परिवहन करने वाले वाहन संचालकों को रोककर पुलिसकर्मियों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। यह वसूली तत्काल प्रभाव से रोकी जानी चाहिए।
विधायक ने तत्काल खरगोन जिला पुलिस अधीक्षक एवं खंडवा जिला पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर ईंट के ट्रकों एवं ट्रेक्टर-ट्रॉलियों से की जा रही वसूली की समस्या से अवगत किया और ईंट परिवहन करने वाले वाहनों को अकारण परेशान नहीं करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से चर्चा के बाद विधायक ने प्रजापति समाज एवं ट्रक तथा ट्रेक्टर-ट्रॉली संचालकों को आश्वस्त किया कि अब खरगोन व खंडवा जिले के थाना क्षेत्रों में ईंट परिवहन कर रहे वाहनों को नहीं रोका जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता व समाज के लोग मौजूद थे।