भोपाल। एमपी में मौसम का कहर जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार तीन दिनों से आंधी के साथ बारिश का दौर जारी है। आंधी से जहां व्यापक तबाही हुई वहीं कई लोगों की मौत भी हुई है।
सागर के मालथौन में भीषण आंधी आई। हवा इतनी तेज थी कि इलाके में कई पेड़ गिर गए। मकानों, दुकानों की टीन व सीमेंट की चादरें उड़ गईं। इसके बाद जोरदार बारिश भी शुरु हो गई। करीब एक घंटे तक खूब पानी गिरा। आंधी से एक परिवार पर वज्रपात सा हो गया। तेज हवा से उड़ी सीमेंट की चादर ने मां बेटी को चपेट में ले लिया। इससे मासूम बेटी की मौत हो गई जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
मालथौन में रहनेवाले शाहिद खान के परिवार के साथ यह हादसा हुआ। उनकी पत्नी नगीना और बेटी कोहिनूर पर सीमेंट की चादर आ गिरी। दोनों बुरी तरह घायल हो गईं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां दो साल की मासूम बच्ची नगीना ने दम तोड़ दिया। मां की हालत भी गंभीर बनी हुई है।