नीमच। शिवराज सिंह चौहान के राज में मासूम बच्चियां और लाड़ली बहने खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। अपराधियों के हौसले बुलंद है। यह गंभीर आरोप लगाते हुए नीमच जिला महिला कांग्रेस द्वारा आज महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
कलेक्टर कार्यालय पर सौंपे गए ज्ञापन में सतना जिले के मैहर में एक 12 वर्षीय नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म और बर्बरता, जबलपुर में 3 वर्षीय मासूम का अपहरण व बलात्कार, इंदौर के आजाद नगर में 15 वर्षीय नाबालिग के साथ अपहरण कर दुष्कर्म, दतिया में दो सगी बहनों के साथ साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म, देवरी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप, बेरसिया में 12 साल की बच्ची का अमानवीय तरीके से अपहरण और बेरहमी से यातना जैसी घटनाओं का उल्लेख किया गया है।
ज्ञापन में आरोप लगाया है कि ऐसी घटनाएं प्रदेश में रोजाना किसी न किसी जिले में घट रही है, जो कि कानून व्यवस्था के दावे पर तमाचा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि महिलाओं को जिस रक्षा की दरकार है उसके लिए जरूरी व्यवस्था करे अन्यथा महिला कांग्रेस बड़ा जन आंदोलन करने को बाध्य होगी। ज्ञापन वाचन आशा सांभर ने किया।
इस दौरान अनीता धनेटवाल, लीला बंसल, मोना शर्मा, रुखसाना खान, फेमीदा, नागौरी, सोनू सोनगरा, बेबी मेहरा, मंजू पटेल, सुमित्रा मांगरिया, मंजू चंदेल, हिदायतुल्ला खान, जाकिर नागौरी, हसन अली और बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता मौजूद रही।