खरगोन। बीती रात शहर के सनावद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में अपेंडिक्स के ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत का मामला सामने आया है। आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा भी किया। मामला बढऩे पर पुलिस को मोर्च संभालना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करने के बाद निजी अस्पताल भेज दिया और यहां खुद ने ऑपरेशन किया, जिसके बाद महिला की मौत हो गई। परिजन चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग कर रहे है। मामले में जैतापुर चौकी पुलिस ने जांच का भरोसा दिया है।
पंधानिया निवासी मनीष पाटीदार ने बताया कि मेरी मम्मी अनिता हुकुम पाटीदार (48) को अपेंडिक्स की शिकायत पर सोमवार शाम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां डॉ. गौरव पाटीदार ने मम्मी का उपचार किया उन्होंने कहा ऑपरेशन करना पड़ेगा। मंगलवार को ऑपरेशन थियेटर ले जाने के बाद वापस ले आए और कहा कि अपेंडिक्स में डैमेज है यहां सुविधा नही है, उन्होंने ही सनावद रोड स्थित सुरती नगर में संचालित हो रहे निजी हॉस्पिटल भेजा, यहां डॉ. पाटीदार ने ही ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के कुछ देर बाद मेरी मम्मी की तबीयत बिगडऩे लगी और उन्होंने दम तोड़ दिया। मनीष ने आरोप लगाया कि यदि अपेंडिक्स में डैमेज था और यहां उपचार संभव नही था तो डॉक्टर ने इंदौर रेफर करना था, लेकिन जिला अस्पताल में सुविधाओं का अभाव बताकर हमें यहां भेजा और यहां खुद उपचार किया, यदि हालत गंभीर थी तो इंदौर रेफर कर देते, चिकित्सक की लापरवाही से मेरी मां की जान चली गई। मनीष ने जैतापुर पुलिस को शिकायती आवेदन सौंपकर चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं चिकित्सक डॉ. गौरव पाटीदार ने उनका पक्ष जानना चाहा लेकिन अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार वे अवकाश पर थे और चलायमान फोन पर भी उनसे संपर्क नही हो सका।