देवास। आगामी 20 अगस्त को संस्था सिद्धि विनायक द्वारा निकाली जाने वाली कावड़ यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संस्था द्वारा ए.बी. रोड पर लगे विद्युत पोल पर होर्डिंग्स लगाए है। इन होर्डिंग्स में संस्था संयोजक प्रदीप चौधरी के साथ सीहोर वाले पं. प्रदीप मिश्रा के भी फोटो थे। तीन-चार दिन पहले लगाए गए इन होर्डिंग्स को गुरुवार की रात को अचानक नगर निगम ने बगैर सूचना दिये निकाल दिया और जब्त कर लिया। जब सुबह इस बात की जानकारी संस्था प्रमुख व कांग्रेसी नेता प्रदीप चौधरी को लगी तो उन्होंने अपने समर्थकों के साथ नगर निगम के इस कृत्य का विरोध करने का एलान कर दिया और दोपहर में सैकड़ों कार्यकर्ता चामुण्डा कॉम्प्लेक्स में एकत्रित हुए, यहां से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नगर निगम में पहुंचे।नगर निगम में भारी पुलिस बल तैनात था। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के होने की सूचना पर पुलिस ने बेरिकेट्स लगाए। लेकिन नारेबाजी करते हुए पहुंचे चौधरी समर्थक बेरिकेट्स हटाकर नगर निगम प्रवेश कर गए और जमकर नारेबाजी की।नारेबाजी करते हुए निगम आयुक्त रजनीश कसेरा से मुलाकात की और अपनी आपत्ति दर्ज कराई। संस्था प्रमुख चौधरी व उनके समर्थकों का कहना था कि ए.बी. रोड पर लगे विद्युत पोल पर राजनीतिक कार्यक्रमों के पोस्टर, होर्डिंग्स तो महीनों तक लगे रहते है और हमने धार्मिक कार्यक्रम कावड़ यात्रा के होर्डिंग लगाए तो उन्हें नगर निगम ने 3-4 दिन में ही निकाल दिया। नगर निगम द्वारा पक्षपात किया जा रहा है। चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम कर्मचारियों ने यह कार्य विधायक के कहने पर किया है।