नीमच। आज नीमच में कांग्रेस के दिग्गज नेता, पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक कमलेश्वर पटेल के आगमन पर लायंस पार्क से लेकर गोमाबाई रोड और कलेक्ट्री चौराहा तक नीमच के कांग्रेस नेता और विधानसभा चुनाव में टिकट के उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ स्वागत के लिए जूटे। तीनों विधानसभा क्षेत्र जावद नीमच और मनासा के नेता इन में शामिल रहे।
रोटरी हॉल के सम्मुख जावद के सत्यनारायण पाटीदार, कुछ दूरी पर तरुण बाहेती, टीआईटी कॉलोनी के सामने हरीश दुआ, लायंस पार्क चौराहा पर मंगेश संघई, दक भवन परिसर में मधु बंसल, अजमीढ़ चौराहा पर राजकुमार अहीर, मनासा के इंदरमल पामेचा और गांधी भवन में उमराव सिंह गुर्जर के साथ समर्थकों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। स्वागत मंच लगाए गए। पुष्प मालाएं पहनाई गई। आतिशबाजी हुई। ढोल धमाके बजे। स्वागत के बहाने शक्ति प्रदर्शन हुआ। अपनी अपनी दावेदारी रखी। कहीं पर स्थानीय व्यक्ति को उम्मीदवार बनाए जाने की बात आई। किसी ने महिला उम्मीदवार को टिकट दिए जाने की बात रखी। वहीं शहरी क्षेत्र पर पकड़ बनाए रखने वाले व्यक्ति को उम्मीदवार बनाए जाने के दृष्टिकोण से दावेदारी जताई। आज एक बात स्पष्ट तौर पर नजर आ रही थी कि कांग्रेस नेताओं में इस बार चुनाव लड़ने के लिए टिकट पाने हेतु जबरदस्त होड़ मची है। इस दौरान कांग्रेस की जिला प्रभारी नूरी खान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया और कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी भी मौजूद रहे।