नीमच। शहर में नर्सिंग छात्रों के तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन का आज दूसरा दिन था। नर्सिंग स्टूडेंट मेस्सी फर्गुसन शोरूम चौराहा अंबेडकर सर्कल पर धरने पर बैठे हैं। आज धरना स्थल पर नर्सिंग छात्रों के समर्थन में कांग्रेस की जिला प्रभारी नूरी खान, वरिष्ठ नेता उमराव सिंह गुर्जर, ओम शर्मा, मुकेश कालरा, मोनू लोक्स भी पहुंचे।
नूरी खान ने इस अवसर पर कहा कि जो सरकार छात्रों के हित और भविष्य का ध्यान ना रख पाए ऐसी सरकार पर धिक्कार है। 3 वर्षों से नर्सिंग स्टूडेंट्स की परीक्षा नहीं हो पाई और सरकार कुंभकरण की नींद में सोई हुई है। शिवराज सरकार की नीतियों से छात्र, कर्मचारी, किसान, मजदूर, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग और महिलाएं सभी दुखी हैं। उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि 1 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नीमच आगमन के दौरान नर्सिंग स्टूडेंट्स के डेलिगेशन को उनसे मुलाकात करवाएगी, और उनके हक की लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी। कांग्रेस नर्सिंग स्टूडेंट के साथ है। धरना स्थल पर नर्सिंग स्टूडेंट ने शिक्षा मंत्री, सरकार और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बताते चले कि नर्सिंग छात्र संगठन ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बारिश में भीगते हुए कल शहर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकाली थी। छात्रों ने स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी यदि उनकी परीक्षाएं नहीं हुई और जनरल प्रमोशन नहीं दिया गया तो वे सरकार का विरोध करेंगे। उल्लेखनीय कि 3 माह बाद विधानसभा चुनाव है। नर्सिंग स्टूडेंट्स की नाराजगी का खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ सकता है। नर्सिंग स्टूडेंट्स लगातार अपनी मांगों को लेकर जनप्रतिनिधि, शासन और प्रशासन के सामने अपनी आवाज में मुखर करते रहे हैं। धरना स्थल पर आज बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स मौजूद रहे। अभी तक सत्ता पक्ष का कोई भी जनप्रतिनिधि अथवा अधिकारी नर्सिंग छात्रों से मिलने धरना स्थल पर नहीं पहुंचा है।