नीमच। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को गौ सेवा केंद्र पर प्रेस कांफ्रेंस की। इस अवसर पर नीमच विधानसभा के प्रभारी और गुजरात के पेटलावत विधानसभा से विधायक कमलेश पटेल ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए।
विधायक कमलेश पटेल ने कहा कि भाजपा का उम्मीदवार वहीं होगा, जो जिताऊ होगा, अच्छा होगा और पार्टी से जुड़ा हुआ होगा। साथ ही उन्होंने बताया कि अपने आठ दिवसीय दौरे पर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं, मंडल, सेक्टर के पदाधिकारियों से उन्होंने मुलाकात की। भाजपा की जमीनी हकीकत को जाना। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को मजबूत करने के लिए किस तरह के प्रयास किए जा सकते हैं, इस संबंध में फीडबैक लिया। कमलेश पटेल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर बेहतर प्रदर्शन करेगी। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, नीमच नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा मौजूद रही।