नीमच। आगामी 01 सितम्बर को नीमच में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का दौरा कार्यक्रम हैं। कमलनाथ नीमच जिले के सेक्टर/मंडलम अध्यक्षों की मीटिंग लेंगे। साथ ही कमलनाथ नीमच के दशहरा मैदान में एक जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। कमलनाथ की अगवानी को लेकर नीमच जिले के तीनों विधानसभा से दावेदार तैयारियों में जुट गए हैं।
हवाई पट्टी से लगाकर दशहरा मैदान तक के मार्ग को टिकिट के दावेदारों ने फ्लेक्स और बैनर से पाट दिया हैं। इस मार्ग पर जहां भी नजर घुमाओ कांग्रेस नेताओं के पोस्टर दिखेंगे। जानकारों का मानना हैं कि कमलनाथ की सभा के एक सप्ताह पूर्व से लगने लगे ये पोस्टर नीमच जिले की जनता को अपना प्रतिनिधित्व (प्रबल दावेदार) साबित करने के लिए लगे हैं। जहां कल शाम तक पोस्टर वार में मनासा विधानसभा से कांग्रेस नदारत थी तो बीती रात तक मनासा के दावेदार के पोस्टर भी मार्ग पर दिखने लगे हैं।
कांग्रेस के इस पोस्टर वार में नीमच से उमरावसिंह, नंदकिशोर पटेल, हरीश दुआ, तरुण बाहेती और भानुप्रताप सिंह राठौर के पोस्टर से शहर का मुख्य मार्ग सजा हुआ हैं। वहीं जावद विधानसभा से समंदर पटेल, सत्तू पाटीदार और राजकुमार अहीर ने भी पोस्टर लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी हैं। मनासा विधानसभा से अभी फ़िलहाल एकमात्र मंगेश संघई के ही फ्लेक्स लगे हैं।
हवाई से लगाकर सभा स्थल दशहरा मैदान तक कांग्रेस के दावेदारों ने ऐसी कोई जगह नहीं छोड़ी जहां पोस्टर न लगाया हो। पोस्टर की आड़ में हर नेता शक्ति प्रदर्शन करता हुआ दिखाई दे रहा हैं। वहीं शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की जनता भी चुनावी चटकारे लगाते हुए पोस्टर वार के मजे लेते हुए दावेदारों के नाम भी विधानसभा वार पक्का करते हुए नजर आ रहे हैं।