मंदसौर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी पूर्व महामंत्री किसान नेता महेन्द्र सिंह गुर्जर ने कहा कि अन्नदाता किसानों को जीवन भर विकट परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। कभी बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि तो कभी सूखे की मार झेलना पड़ती है।
आज जिले में ऐसी ही स्थिति में खरीफ की प्रमुख सोयाबीन फसल सहित अन्य सभी फसले पूरी तरह से नष्ट होने के कगार पर खड़ी है। बारिश की लंबी खेंच से कम अवधि वाली ओर अन्य फसलों का औसत उत्पादन बहुत ही कम होने की प्रबल सम्भावना बढ़ गई है। इस सम्बंध में गुर्जर ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर तत्काल सूखे की स्थिति का अवलोकन कर किसानों को उचित राहत प्रदान करने का अनुरोध किया है।
गुर्जर ने कहा कि जिले में कम वर्षा होने से किसानों की खरीफ फसलों को भारी क्षति पहुंची है। ऐसी कम वर्षा जैसी परिस्थिति में किसानों को रबी की फसलों की बुआई करने में भी कठिनाइयों का सामान करना पड़ेगा। गुर्जर ने कहा कि वर्तमान समय में औसत वर्षा से बहुत कम बारिश होने से किसानों के प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी तत्काल प्रभाव से मिलना चाहिए ताकि किसानों को खरीफ फसलों की लागत राशी की भरपाई मिल सके।
इस संबंध में गुर्जर ने राज्य सरकार को भी पत्र लिखकर जिले की सूखे की स्थिति से अवगत कराते हुए शीघ्र कदम उठाने की मांग की है।