नीमच। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज शुक्रवार को मालवा के नीमच जिले में एक बड़ी सभा को संबोधित किया। उन्होंने नीमच के दशहरा मैदान में सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नाथ ने कहा कि भाजपा को जनआशीर्वाद यात्रा नहीं, बल्कि माफी मांगों यात्रा निकालनी चाहिए। आज मध्यप्रदेश में चौपट सरकार चौपट राज चल रहा है। राज्य की छवि घोटाला प्रदेश के रूप में उभरकर सामने आई है। आज प्रदेश का हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का शिकार है या उसका गवाह है। भाजपा को अपना रिपोर्ट कार्ड नहीं रेट-कार्ड बनाना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कमलनाथ अब 2018 के नहीं 2023 के मॉडल हैं और हम जनता की भलाई के लिए हर कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पूर्व सीएम ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कई बीजेपी नेता उनके संपर्क में हैं, लेकिन संगठन की सहमति से ही इन्हें कांग्रेस में शामिल किया जाएगा।
हवाई पट्टी पर स्थित सर्किट हाउस में की प्रेस वार्ता-
पूर्व मुख्यमंत्री भोपाल से प्रस्थान कर प्राइवेट जेट से नीमच पहुंचे थे। उन्होंने सभा से पहले सर्किट हाउस पर पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान पीसीसी चीफ कमल नाथ ने कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली सूची जल्द ही जारी करने की बात कही। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि जिसे हमको इशारा करना था हम इशारा कर चुके हैं।
नीमच में सभा से पहले निकाला रोड शो-
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने नीमच शहर में सभा से पहले रोड शो निकाला। यह रोड शो नीमच के बारादरी से शुरू हुआ जो टैगोर मार्ग होते हुए पहले टाउन हाल पहुंचा। जहां पीसीसी चीफ ने मंडलम सेक्टर की बैठक ली। इसके पश्चात दशहरा मैदान पहुंचकर विशाल जनसभा को संबोधित किया।
कांग्रेस की घोषणा के बाद जागे शिवराज-
कांग्रेस की सरकार बनने पर हमने 500 रूपये में गैस सिलेंडर देने की बात कही थी और बदले में सीएम शिवराज ने सिर्फ दो-तीन दिनों के लिए सिलेंडर को 450 रुपए में देने की बात कह दी। चलिए कम से कम मेरी मांग पर कुछ तो एक्शन लिया, क्योंकि मैं चाहता हूं जनता को राहत मिले। लेकिन आपको ये बात 18 साल तक याद नहीं आई। आपने 18 साल में भ्रष्टाचार, महंगाई और घर-घर में शराब दी।
हमने 7 दिन में दिया था फसल नुकसानी का मुआवजा-
पूर्व सीएम ने कहा कि अल्प वर्षा से सोयाबीन और मक्का की फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों को जल्द इसका मुआवजा मिलना चाहिए। पूर्व सीएम ने फसल नुकसानी को लेकर राज्य सरकार को घेरा और कहा कि अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा सिर्फ 7 दिन के अंदर हमने देने का कार्य किया था। अगर भाजपा सरकार मुआवजा नहीं देती तो मैं आपको वादा करता हूं कि जैसे ही कांग्रेस की सरकार बनेगी तुरंत इसका निराकरण किया जाएगा। नीमच की बंगला-बगीचा समस्या का भी समाधान करेंगे। इसके अलावा भी पूर्व सीएम ने नीमच जिले के कई बड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
मंच पर ये नेता रहे मौजूद-
मंच पर कमलनाथ के साथ कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सदस्य और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, एमपी के कांग्रेस सह प्रभारी कुलदीप इंदौरा, जिला कांग्रेस प्रभारी नूरी खान, जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर, राजस्थान सरकार के मंत्री उदयलाल आंजना, पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल, एआईसीसी प्रतिनिधि उमराव सिंह गुर्जर, तरुण बाहेती, मधु बंसल, हरीश दुआ, सत्यनारायण पाटीदार, राजकुमार अहीर, समंदर पटेल, मंगेश संघई, इन्दरमल पामेचा, श्यामलाल जोकचंद, परशुराम सिसोदिया सहित जिले के पदाधिकारी उपस्थित हैं।