नीमच। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित केंद्र व प्रदेश के कई मंत्री आज नीमच आ रहे हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा सहित कई दिग्गज नेता नीमच आ चुके हैं। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी अपने काफिले के साथ नीमच आ चुके हैं। वे फिलहाल टैगोर मार्ग होते हुए विजय टॉकीज चौराहा की तरफ निकले हैं। शाम को वे बस स्टैंड से शुरू होने वाली जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उदयपुर से नीमच के लिए रवाना हो गए। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर 3.30 बजे नीमच हवाई पट्टी पहुंचेगा। जहां से वे सीधे नीमच के श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे। जहां भगवान महादेव की विशेष पूजा-अर्चना कर दर्शन लाभ लेंगे। इसके बाद 4.10 बजे नीमच के दशहरा मैदान पर आयोजित आमसभा एवं जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ समारोह में भाग लेंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शाम 5.40 बजे नीमच से हेलीकॉप्टर द्वारा उदयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।