भोपाल। बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा में नहीं बुलाए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का दर्द छलक उठा। उन्होंने कहा कि मैंने प्रदेश में सरकार बनाकर दी। साल 2020 में उपचुनाव में भी भरपूर प्रचार किया। लेकिन, जन आशीर्वाद यात्रा में नहीं बुलाया। उमा भारती ने कहा कि कम से कम निमंत्रण की औपचारिकता तो निभाना चाहिए थी। उमा भारती रविवार को भोपाल के अयोध्या नगर में पौधरोपण कार्यक्रम में पहुंची थीं। पूर्व सीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुझे प्रचार में बुलाएंगे। मैं भाजपा का ही प्रचार करूंगी।
उमा भारती ने कहा कि आज बीजेपी की यात्राएं निकल रही। इनमें मुझे कहीं नहीं बुलाया। इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैंने यहां सरकार बनाकर दी। मैंने 2020 में भी, जब अक्टूबर के महीने में कोरोना हो गया था मुझे, तब 11 दिन नहीं निकल पाए थे। भाजपा मिन्नतें कर रही थी कि आप आ जाइए। जब 28 सीटों पर चुनाव हुआ था तो 22 सीटों पर चुनाव जीते और मैंने कसकर प्रचार किया और जब आशीर्वाद यात्रा निकली, मुझे फिर नहीं बुलाया, क्योंकि उनको लगता है कि अब तो हम सरकार बना लेंगे।
उमा भारती ने कहा कि मुझे चुनाव प्रचार में बुलाएंगे और मैं चली भी जाऊंगी। मैं भाजपा का ही प्रचार करूंगी। मैं भाजपा के लिए ही वोट मागूंगी। लेकिन मेरे मन में ये सवाल जरूर आता है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आपकी सरकार बनाई तो मैंने भी तो एक पूरी सरकार बनाकर दे दी थी।