नई दिल्ली। मध्य प्रदेश समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को सेंट्रल इलेक्शन कमेटी (सीईसी) का गठन कर दिया। यह कमेटी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में टिकट फाइनल करेगी। विधानसभा चुनावों के लिए बनी स्क्रीनिंग कमेटी की ओर से भेजे गए उम्मीदवारों के नाम तय यही कमेटी करेगी।
16 सदस्यीय सीईसी में मप्र से आदिवासी नेता विधायक ओमकार सिंह मरकाम काे जगह मिली है। मरकाम राहुल के करीबी माने जाते हैं। मरकाम मप्र के ऐसे दूसरे नेता हैं, जो सीईसी में पहुंचे हैं। इससे पहले मप्र के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय अर्जुन सिंह ही इस कमेटी में जगह पा सके थे। कमेटी के चेयरमैन मल्लिकार्जुन खरगे हैं।
इसके अलावा कमेटी में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अंबिका सोनी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद, मधुसूदन मिस्त्री, एन उत्तम कुमार रेड्डी, टीएस सिंह देव, केजे जार्ज, प्रीतम सिंह, मोहम्मद जावेद, अमी याग्निक, पीएल पुनिया, ओमकार सिंह मरकाम और केसी वेणुगोपाल हैं।